होमगार्ड एसोसिएशन ने रविवार को ‘होमगार्ड भाईचारा’ समारोह मनाते हुए दैनिक ड्यूटी भत्ता बढ़ाने तथा10 लाख रुपये जीवन यापन के लिए दिए जाने की मांग की।
रविवार को नागरी प्रचारिणी पुस्तकालय में आयोजित समारोह में संयुक्त कार्यकारिणी राष्ट्रीय अध्यक्ष मुजीबुर्रहमान ने कहा कि इस आयोजन की मंशा होमगार्डों के बीच भाईचारा पैदा करना है। उन्होंने कहा कि होमगार्डों को सिर्फ 250 रुपये ड्यूटी भत्ता मिल रहा है।
महंगाई में यह काफी नाकाफी है। परिवार का भरण-पोषण नहीं हो पा रहा। इसे बढ़ाया जाए। राजीव राठौर ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर होमगार्डों का भत्ता उत्तर प्रदेश में सबसे कम है। देश के किसी भी राज्य में 300 रुपये से कम भत्ता नहीं है। समारोह में मांग की गई कि ड्यूटी भत्ता बढ़ाने के साथ ही सेवानिवृत्ति पर जवानों को 10 लाख रुपये दिए जाएं।
समारोह में प्रदेशाध्यक्ष रामेंद्र कुमार यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह कठेरिया, सौखीलाल, न्यामत उल्ला, संतशरण यादव, राम कुमार द्विवेदी, वैद्यनाथ मिश्रा, परमलाल, वासुदेव, राधेश्याम, सुरेश कुमार यादव (चित्रकूट), सहदेव यादव, चंद्रपाल सिंह पटेल, नत्थू प्रसाद मौर्य और जगदीश प्रसाद वर्मा इत्यादि उपस्थित रहे।