खेत से गुजरी विद्युत लाइन, परिजनों को समझाती पुलिस। संवाद
- फोटो : BANDA
बबेरू। कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव में खेत से गुजरी 11 हजार वोल्ट की एचटी लाइन के करंट से 30 वर्षीय ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों ने बांदा-बबेरू मार्ग पर जाम लगा दिया, शव नहीं उठने दिया। एसडीएम और सीओ ने मौके पर पहुंचकर मुआवजे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।
गांव निवासी मंगल का पुत्र प्रीतम ट्रैक्टर चलाता था। गुरुवार को मुरवल महाविद्यालय के पास ट्रैक्टर खड़ा कर खेत में स्थित बबूल के पेड़ की छाया में बैठ गया। वहां पर एचटी लाइन काफी नीचे थी। प्रीतम अचानक इसके संपर्क में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को बांदा-बबेरू रोड में रखकर जाम लगा दिया।
एसडीएम दिनेश कुमार सिंह, सीओ सत्य प्रकाश शर्मा, इंस्पेक्टर बांके बिहारी आदि ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित परिजनों को समझाया। मुआवजा दिलाने के आश्वासन पर परिजनों ने जाम खोला और शव पुलिस के हवाले किया। पत्नी कुसुमकली ने बताया कि कई बार विद्युत विभाग से खेत से गुजरी विद्युत लाइन को हटाने की मांग की गई थी। लेकिन नहीं सुनी गई। मृतक के दो पुुत्र व एक पुत्री है।