तिंदवारी (बांदा)। सहकारी समिति में खाद न मिलने पर नाराज किसानों ने बांदा-टांडा हाईवे पर जाम लगा दिया। लगभग आधा घंटे के जाम में तमाम वाहन खड़े हो गए। इनमें यात्री बसें के अलावा अन्य वाहन भी थे। थाना प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह ने किसानों को समझा बुझाकर जाम खत्म कराया।
किसानों का आरोप है कि उत्तरी सहकारी समिति, दक्षिणी सहकारी समिति, किसान सहाकरी संघ, पीसीएफ बिक्री केंद्रों में किसानों को खाद नहीं मिल पा रही। पलेवा के बाद खेत बुआई के लिए पड़े हैं। कहा कि समितियों में खाद तो आ रही है, लेकिन किसानों को आधार कार्ड व किसान बही पर पांच बोरी खाद दी जाती है, जबकि सैकड़ों बोरी चोरी छिपे बेच ली जाती है।
पर्याप्त खाद न मिलने पर किसानों को मजबूरन महंगे दामों पर खाद खरीदनी पड़ रही है। 267 रुपये की यूरिया की बोरी 450 व 1200 रुपये की डीएपी की बोरी 1600 रुपये में मिल रही है। दक्षिणी सहकारी समिति के सचिव आनंद कुमार का कहना है कि केंद्र में पंजीकृत किसानों को खाद दी जा रही है। खाद की कोई कमी नहीं है।