अतर्रा। दो माह से अनाज वितरण न किए जाने से आक्रोशित इटराखुर्द गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया। तहसील क्षेत्र के इटरा खुर्द के कार्डधारकों का आरोप है कि दो माह से अंगूठा लगवाने के बाद कोटेदार अनाज नहीं दे रहा है।
बुधवार को 50 से अधिक कार्डधारकों ने बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर गांव के सामने जाम लगा दिया। करीब एक घंटे तक आवागमन ठप रहा। इंस्पेक्टर रविंद्र तिवारी, खुरहंड चौकी प्रभारी विवेक सिंह, पूर्ति अधिकारी याकूब ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया।
पूर्ति अधिकारी ने कोटेदार को तत्काल राशन वितरण करने के निर्देश दिए। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन पूर्ति अधिकारी को दिया। उधर, राशन कार्डधारक राजू पुत्र श्याम सुंदर ने थाना पुलिस को तहरीर देकर कहा कि अनाज मांगने पर कोटेदार के परिजनों ने मारा-पीटा तथा अपमानित कर धमकी देते हुए भगा दिया।
उधर, कमासिन ब्लॉक के खरौली गांव के लोगों ने कोटेदार की धांधली के संबंध में एसडीएम को ज्ञापन देकर कोटेदार के ऊपर धांधली करने और कालाबाजारी का आरोप लगाया है। राशन कार्डधारक अमरसिंह, राजा तिवारी, आलोक कुमार, श्रीराम, नरेशचंद्र, विजयकरन आदि ने बताया कि गांव का कोटेदार अक्सर मशीन खराब बताकर राशन का वितरण नहीं करता है।