बांदा। संकट कटै मिटै सब पीरा, जो सुमरै हनुमत बल वीरा। सावन के दूसरे मंगलवार को हनुमान मंदिरों में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर माथा टेका। सर्वाधिक भीड़ शहर से पांच किलोमीटर दूर बांदा-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे स्थित जमुनादास महावीरन में रही।
भक्तों ने पूजन कर लड्डू का भोग लगाया। जय श्रीराम की गूंज रही। मंदिर के आसपास मेला सा नजारा रहा। भीड़ से हाईवे पर यातायात रेंगता रहा। उधर, शहर के बीचोबीच स्थित कचहरी तिराहे पर स्थित संकट मोचन मंदिर में भी देर रात तक श्रद्धालुओं का तांता रहा।
देर रात तक घंटा घड़ियाल व प्रभु राम के जयघोष गूंजते रहे। बांबेश्वर पर्वत के शिखर पर स्थित सिद्धबाबा के दर्शनों के लिए भी श्रद्धालुओं का जमघट रहा। सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खींचने की होड़ रही। राजघाट रोड बनका बिहारी, करिया नाला के हनुमान जी, बांबेश्वर, महेश्वरी देवी आदि मंदिरों में भी भीड़भाड़ रही। श्रद्धालुओं ने पूजन अर्चन कर मनौतियां मांगी।