बांदा। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन योजना में जनपद की पांच ग्राम पंचायतों को पुरस्कृत किया जाना है। इन्हें गांव के विकास के लिए अलग से 10 लाख रुपये का विशेष बजट मिलेगा।
पुरस्कार योजना में शामिल होने के लिए ग्राम पंचायतों से 15 जुलाई तक ऑनलाइन हमारी पंचायत पोर्टल पर आवेदन मांगे गए थे, लेकिन योजना के प्रति ग्राम पंचायतें रुचि नहीं ले रहीं।
जनपद की 469 ग्राम पंचायतों में महज 13 ग्राम पंचायतों ने पुरस्कार योजना में आवेदन किया है। इनमें बबेरू ब्लाक की टोलाकलां, बड़ोखर की महोखर, बिसंडा की मरौली, जसपुरा की बड़ागांव, गाजीपुर, पिपरोदर, सिकहुला, महुआ की देवरार, नरैनी की गजपति खुर्द, करतल, कटरा कालिंजर, कुलसारी और तिंदवारी की छापर ग्राम पंचायत शामिल हैं।
पुरस्कार के लिए ग्राम पंचायतों का चयन 100 अंकों की प्रश्नावली में दिए गए उत्तर के आधार पर किया जाएगा। डीपीआरओ सर्वेश कुमार का कहना है कि ग्राम पंचायतों के गठन के मात्र अभी दो माह हुए हैं। ऐसे में पुरस्कार योजना में शामिल होने से ग्राम प्रधान कतरा रहे हैं।
उनके द्वारा पर्याप्त विकास कार्य नहीं किए गए। पुराने प्रधान आगे नहीं आ रहे, जो आवेदन आए हैं उन्हें जिला स्तर पर गठित परफार्मेंस असेसमेंट समिति (डीपीएसी) के समक्ष रखा जाएगा। इसके बाद इन्हें राज्य स्तर पर गठित परफार्मेंस समिति (डीपीएसी) के समक्ष भेजा जाएगा, ताकि चयन की कार्रवाई पूरी हो सके।