कपड़े की दुकान में घटना की जांच करते पुलिसकर्मी।
- फोटो : संवाद
ओरन। घर और दो दुकानों से शनिवार की रात चोर नकदी सहित लाखों का सामान उठा ले गए। एक ही रात हुई तीन घटनाओं से कस्बे में दहशत है। शिकायत पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
बाघा गांव निवासी शिवनरेश कुशवाहा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को घर पर ताला लगाकर परिवार सहित ससुराल कोनी गांव गए थे। रविवार की दोपहर लौटे तो घर के आंगन में लगा छत का जाल टूटा मिला। कमरे का ताला टूटा था और बॉक्स वाले बेड, अलमारी सहित अन्य सामान बिखरा पड़ा था। बताया कि चोर एक लाख बीस हजार रुपये और लाखों के जेवर ले गए।
अन्य घटनाओं में कस्बे के मुख्य चौराहे पर स्थित विष्णु गुप्ता की किराना व उनके बगल में राजाभइया रैकवार की कपड़े की दुकान में चोरों ने सेंध लगाई। दुकानदारों ने पुलिस में लाखों की नकदी व सामान चोरी होने की तहरीर दी है। जानकारी पर चौकी प्रभारी हरिशरण सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की। चौकी प्रभारी ने कहा कि जल्द ही घटनाओं में शामिल लोगों को पकड़ा जाएगा।
सामान सहित दो शातिर चोर गिरफ्तार
बबेरू। कोतवाली पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का सामान बरामद किया। प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि 13 जुलाई को मझींवा गांव के बबुआ के घर में चोरी हो गई थी। चोरों को पकड़ने के लिए टीमों को गठन किया गया था। रविवार को मुखबिर की सूचना पर मझींवा गांव के गड़रा नाले के पास गाजीपुर थानाक्षेत्र के जमोहा गांव निवासी श्यामू पाल व गांव के गधी का डेरा निवासी चुनकाई यादव को सामान सहित गिरफ्तार किया गया। (संवाद)