बांदा। जिला विकास समन्वय एवं अनुश्रवण समिति (दिशा) की बैठक में खाद, बीज, संकट सहित अतिक्रमण के मुद्दे छाए रहे। इस दौरान पिछली बैठक के कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद कृष्णा पटेल ने अधूरे कार्यों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
सांसद ने बांदा माइनर केन कैनाल की नहर पटरी में निष्प्रयोज्य भूमि एवं निम्नीनाला में अतिक्रमण की रोकथाम के निर्देश दिए। लोक निर्माण विभाग को तिन्दवारी एवं बबेरू मार्ग का मरम्मत 30 नवम्बर तक पूरा कराए जाने को कहा। बेर्रांव से परसौली, मियां बरौली से औगासी मझिला, परसौली-कमासिन सिकरी मार्ग के मरम्मत कार्य गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा कराए जाने और जल-जीवन मिशन कार्य के अन्तर्गत तोड़ी सड़कों को गुणवत्ता के साथ दिसम्बर तक मरम्मत कराने व पेयजल आपूर्ति कराने जाने के निर्देश दिए।
डेंगू की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्यवाही किये जाने तथा शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई एवं फाॅगिंग कराने के भी निर्देश दिए। खाद व बीज संकट पर नाराजगी जताई। किसानों के लिए पर्याप्त खाद्य एवं बीज की उपलब्धता रखने तथा सहकारी समितियों से बीज वितरण का कार्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कराया जाए।
बैठक में सांसद हमीरपुर-महोबा अजेन्द्र सिंह लोधी, जलशक्ति राज्यमंत्री रामकेश निषाद, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनील सिंह, विधायक नरैनी ओममणि वर्मा, विधायक बबेरूबिसम्भर यादव, जिलाधिकारी नगेन्द्र प्रताप, मुख्य विकास अधिकारी वेद प्रकाश मौर्य, एडीएम राजेश कुमार सहित जन प्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।