बांदा। शहर में साढ़े 15 करोड़ रुपये की लागत से दो नए बिजली सब स्टेशन बनेंगे। सदर विधायक के सहयोग से शासन ने दोनों सब स्टेशनों के लिए बजट जारी कर दिया है। एक उपकेंद्र नवाब टैंक और दूसरा जहीर क्लब मैदान में बनेगा। इससे शहर के करीब 24 मोहल्ले के लोगों को बिजली कटौती की समस्या से निजात मिलेगी।
सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने बताया कि नगर के जहीर क्लब और नवाब टैंक (अतर्रा रोड) में दो नए सब स्टेशन को शासन ने बिजनेस प्लान योजना (2024-25) के तहत स्वीकृति दी है। 33/11 क्षमता के इन सब-स्टेशनों के निर्माण के लिए अधीक्षण अभियंता, विद्युत माध्यमिक कार्य मंडल की ओर से ई-निविदा जारी की गई है, जिसे तीन दिसंबर को खोला जाएगा।
इसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। उन्होंने बताया कि इन उपकेंद्रों के निर्माण से वर्तमान में ओवरलोड चल रहे चिल्ला रोड उपकेंद्र और भूरागढ़ उपकेंद्र से अतिरिक्त भार कम होगा। इससे नगरवासियों को बिजली कटौती, लो-वोल्टेज, और ब्रेकडाउन जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी।