कालिंजर। घर में ही खुली कपड़े की दुकान में रात को अचानक लगी आग से गृहस्वामी की 14 वर्षीय इकलौती बेटी की जलकर मौत हो गई। पत्नी और पुत्र मामूली रूप से झुलस गए। पड़ोसियों और फायर ब्रिगेड ने अथक प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। लाखों रुपये का नुकसान बताया गया है। बालिका की मौत से पूरे कस्बे में शोक छाया रहा। अन्य दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं। आग लगने की वजह बिजली का शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
घटना यहां कस्बे में तरहटी कालिंजर में बीती रात बुधवार की है। रमेश गुप्ता यहां अपने पक्के मकान में कपड़े की दुकान भी किए था। रोजमर्रा की तरह बुधवार की रात दुकान बंद कर पूरा परिवार सो रहा था। तभी दुकान में आग भड़क उठी। घर में सो रही 14 वर्षीय पुत्री सान्या उर्फ खुशी की आंख खुली तो उसने माता-पिता को बताया। पिता रमेश ने आग की सूचना पुलिस को देने के लिए अंदर रखा मोबाइल फोन लेने पुत्री खुशी को भेज दिया। वह अंदर गई तो दरवाजे में फंस गई। इसी बीच आग ने विकराल रूप ले लिया। खुशी की वहीं मौत हो गई। आग बुझाने में रमेश और उसकी पत्नी व पुत्र झुलस गए।
आसपास के लोगों ने देर तक पानी ढोकर आग बुझाई। बाद में फायर ब्रिगेड भी आ गई। पुलिस ने खुशी का शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कस्बे में रमेश की सबसे बड़ी कपड़े की दुकान थी। भाजपा नेता कोमल कुशवाहा, राकेश मिश्रा, शरद तिवारी, अतुल सुल्लेरे, अतुल द्विवेदी, संजना कुशवाहा आदि ने शोक जताया। उधर, पूरे शोक में कस्बे की दुकानें बंद रहीं।