बांदा। राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में संविधान दिवस पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य एवं क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी चित्रकूटधाम मंडल प्रोफेसर दीपाली गुप्ता ने किया।
इसके बाद महाविद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, कर्मचारियों और छात्राओं ने सामूहिक रूप से भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया। इस दौरान सभी ने संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम के अगले चरण में छात्राओं के बीच हमारा संविधान, हमारा अभिमान विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इसमें छात्राओं ने संविधान के महत्व, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत विभाग की एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. जयंती सिंह ने किया। यहां प्रोफेसर डॉ. माया वर्मा, डॉ. जितेंद्र कुमार शर्मा, डॉ. जय कुमार चौरसिया आदि मौजूद रहीं।