बांदा। लोक सेवा आयोग से चयनित हुए इंटर कॉलेजों के 48 में से 34 सहायक अध्यापक/प्रवक्ताओं को बृहस्पतिवार को कलक्ट्रेट सभागार में नियुक्तिपत्र वितरित किए गए। यह सभी चयनित अध्यापक कई जनपदों के इंटर कॉलेजों में अपनी सेवाएं देंगे।
नियुक्तिपत्र वितरण के दौरान सभी चयनित अध्यापकों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का लाइव प्रसारण दिखाया गया। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी ने कहा कि योगी सरकार में सभी नियुक्ति पारदर्शी, बिना किसी भेदभाव के योग्यता के आधार पर की गईं हैं।
उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वह सभी शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान दें। डीएम आनंद कुमार सिंह ने सभी से प्रशासनिक व्यवस्था में सहयोग देते हुए बेहतर शिक्षा देने की बात कही। जिला विद्यालय निरीक्षक विनोद सिंह ने बताया कि 46 अध्यापक/प्रवक्ताओं में से 34 ही यहां आ पाए। सभी को नियुक्तिपत्र सौंपे गए हैं।
नियुक्तिपत्र पाने वालों में आशीष कुमार, नवीन पटेल, अनिल कुमार गुप्ता, प्रवीण कुमार, अवधेश सिंह पटेल, उत्तम मणि पटेल, ललिता देवी, गायत्री विश्वकर्मा, नीलू देवी, चेतना, आसमां परवीन, अनुराधा देवी, नीलम, पुष्पांजलि गुप्ता, कमला देवी, सुषमा देवी, आरती कुशवाहा, गीता वर्मा, अमिता, मधु विश्वकर्मा, पूनम मिश्रा, प्रियंका खरे, संध्या, मीरा, राजीव पटेल, रत्ना आदि शामिल रहीं।