अतर्रा। तहसील बार एसोसिएशन के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सोमवार को समारोह पूर्वक शपथग्रहण हुआ। जनपद न्यायाधीश राधेश्याम यादव ने कहा कि त्वरित न्याय मिलना हर नागरिका का मूल अधिकार है। इसमें बार और बेंच दोनों को ही सहयोग करना चाहिए।
जनपद न्यायाधीश ने संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शपथ दिलाई। साथ ही चुनाव अधिकारी नरेंद्र कुमार शुक्ला ने पदाधिकारियाें को प्रमाणपत्र प्रदान किए। अध्यक्ष नंद किशोर कुशवाहा ने कहा कि बार और बेंच के बीच सामंजस्य स्थापित करके वादकारियों को न्याय दिलाया जाएगा।
समारोह में सीजेएम संजय कुमार और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अभिषेक व्यास तथा सिविल जज जूनियर डिवीजन अतर्रा सर्वेश यादव भी उपस्थित रहे। पूर्व अध्यक्ष अमर सिंह राठौर सहित श्यामबाबू गुप्ता, एल्डर्स कमेटी चेयरमैन रामकिशोर तिवारी, ब्रह्मदत्त शुक्ला, राजेश द्विवेदी, मनीष गर्ग, रमेश शुक्ला, संतोष द्विवेदी, राजाराम शुक्ला, हरिबाबू शुक्ला, चंद्रभान त्रिपाठी, राजकुमार पाठक, विनोद तिवारी आदि उपस्थित रहे।
समारोह में उपस्थित लोग मॉस्क लगाए थे और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया। महासचिव मनोज द्विवेदी ने इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश से अतर्रा में एसीजेएम न्यायालय की शुरुआत और सिविल कोर्ट भवन के लिए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शीघ्र पूरा कर निर्माण शीघ्र शुरू कराने का अनुरोध किया। गौरतलब है कि संघ का चुनाव 18 मार्च को हुआ। लॉकडाउन के चलते शपथ ग्रहण नहीं हो पाया था।
डीजे ने क्वारंटीन सेंटर देखा
अतर्रा। जनपद न्यायाधीश राधेश्याम यादव और सीजेएम संजय कुमार तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सचिव अभिषेक कुमार व्यास ने सोमवार को यहां तथागत ज्ञानस्थली विद्यालय में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण किया। यहां 21 प्रवासी श्रमिकों को क्वारंटीन के बाद घर भेजा गया। कोई पाजिटिव नहीं था। सभी के बेड दो दो मीटर की दूरी पर लगाए गए है। सफाई व्यवस्था पर ध्यान दिया जा रहा है। तहसीलदार कमलेश कुमार और थाना इंस्पेक्टर रवींद्र तिवारी भी उपस्थित थे।