बांदा। सावन और कांवड़ यात्रा को लेकर जनपद में यातायात डायवर्जन किया गया है। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक शिवराज ने बताया कि शनिवार और रविवार को बांदा से चित्रकूट की ओर जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। भीड़ अधिक होने पर छोटे वाहनों को भी बाईपास चौराहा अतर्रा रोड से सभी तरह के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
उन्होंने बताया कि बांदा-अतर्रा-बदौसा-चित्रकूट मार्ग पर शनिवार और रविवार के दिन सभी प्रकार के वाहनों को प्रतिबंधित किया गया है। यह पाबंदी शुक्रवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। जो भी छोटे वाहन बांदा से चित्रकूट की तरफ जाना चाहते हैं वह बांदा-बिसंडा-पहाड़ी-चित्रकूट मार्ग से व बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से जा सकते हैं। सभी प्रकार के भारी वाहनों को बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे में बिसंडा कट तक ही परमिट किया गया है।
इसके अलावा जनपद बांदा में जो अन्य मार्ग है जैसे बांदा-बेंदाघाट (फतेहपुर का), बांदा-चिल्ला (कानपुर का), बांदा-हमीरपुर, बांदा-महोबा और बांदा-कालिंजर मार्ग सामान्य दिनों की तरह सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए खुले रहेंगे। कांवड़ यात्रा मार्गों, प्रमुख शिव मंदिरों, धार्मिक स्थलों एवं संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। साथ ही प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों एवं सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सतत निगरानी रखी जा रही है।