अतर्रा। कस्बे के बजरंग नगर मोहल्ले में सोमवार को सख्ती के साथ अतिक्रमण हटाया गया। इसके साथ ही चेतावनी दी गई कि दोबारा अतिक्रमण नहीं होना चाहिए, वरना सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कस्बे के बजरंग नगर मोहल्ले में लोगों ने नालियों के ऊपर अतिक्रमण कर रखा था। इससे नाली जाम हो रही थी। लोगों के घरों से निकलने वाला पानी का बहाव न होने से हल्की बारिश से नालियों उफना जाती थीं। सड़क पर अक्सर जलभराव की समस्या से लोग परेशान हो रहे थे। मोहल्लेवासियों ने कई बार नगर पालिका और प्रशासन से शिकायत करते हुए समस्या समाधान की मांग की थी।
सोमवार को एसडीएम राहुल द्विवेदी के निर्देश पर नायब तहसीलदार कुमार शिवम पुलिस व पालिका की सयुंक्त टीम लेकर पहुंचे और सख्ती के साथ जेसीबी मशीन से नाली के ऊपर स्थाई और अस्थाई निर्माण ढहा दिया गया। दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत दी गई। इस दौरान दौरान थानाध्यक्ष आनंद कुमार पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। एसडीएम व प्रभारी ईओ राहुल द्विवेदी ने कहा कि अतिक्रमण अतिक्रमणकारियों को बख्शा नहीं जाएगा।