बांदा। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान आधी-अधूरी व गलत सूचना देने पर बीडीओ जसपुरा धनराज कोटार्य को नोटिस देकर दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। कहा कि निरीक्षण की जानकारी के बाद भी सूचना बुक में ताजा जानकारी दर्ज नहीं की गई। डीएम ने नोटिस में कहा है कि क्यों न आपके विरुद्ध कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा जाए।
जिलाधिकारी ने दो जुलाई को जसपुरा ब्लाॅक के ग्राम पंचायत गडोला का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान योजनाओं से संबंधित बुकलेट में ताजी सूचनाओं की रिपोर्ट अंकित नहीं थी। जबकि जिलाधिकारी ने निरीक्षण की जानकारी बीडीओ को दो दिन पहले दे दी थी। जिलाधिकारी ने विकास व योजनाओं से संबंधित आधी अधूरी जानकारी देने पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। इसके साथ ही बीडीओ ने बताया कि गडोला में आरसीसी सेंटर का निर्माण शुरू होने की बात कही, लेकिन वहां पर निर्माण कार्य नहीं हो रहा है।
जिलाधिकारी ने बीडीओ को नोटिस जारी कर दो दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। कहा कि निरीक्षण की सूचना के बाद भी विकास व योजनाओं से संबंधित बुकलेट में ताजी जानकारी शामिल नहीं की गई। आरसीसी सेंटर निर्माण की भी गलत जानकारी दी गई। यह घोर लापरवाही का सूचक है। बीडीओ जसपुरा का कहना है कि कर्मचारियों की चूक से बुकलेट सही तरीके से अपडेट नहीं की गई थी। आरसीसी सेंटर की नींव खुद गई थी, सरिया काटी जा रही थी। अब उसका निर्माण भी शुरू हो गया है। इतना बड़ा मामला नहीं, जिसे गंभीरता से लिया जाए।