बांदा। मंडल मुख्यालय में शोहदों/आवारा युवकों के बढ़ते हौसलों पर डीएम को भी दखल देना पड़ा। यह शोहदे डीएम आवास के सामने बाइकों पर फर्राटे भरकर युवतियों और महिलाओं से छेड़छाड़ और छींटाकसी कर रहे हैं। डीएम ने एसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई और गश्त को कहा है।
डीएम आनंद कुमार सिंह ने एसपी को भेजे पत्र में पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता का हवाला देकर कहा कि डीएम आवास के सामने की सड़क पर रोजाना बड़ी संख्या में लोग टहलने आते हैं। उसी समय बड़ी संख्या में दो पहिया व चार पहिया लेकर लोग निकलते हैं। इससे प्रदूषण फैल रहा है। डीएम ने कहा कि अनेक आवारा टाइप के युवक बाइकों से इस रोड पर फर्राटा भरते हैं। टहलने आईं युवतियों और महिलाओं से छेड़छाड़ व छींटाकसी करते हैं। डीएम ने एसपी से कहा कि इस पर अंकुश लगाते हुए यहां पुलिस गश्त के आदेश जारी करें। डीएम ने सिटी मजिस्ट्रेट और एआरटीओ को निर्देश दिए कि डीएम कालोनी रोड से निकल रहे वाहनों/बाइकों तथा बाइक पर टहलने वाले युवकों के वाहनों की जांच कर कार्रवाई करें। (संवाद)