बांदा। नगर कोतवाली क्षेत्र के पल्हरी गांव निवासी कृपांशु (24) का शव शनिवार की सुबह केन नदी में मिला। उसकी बाइक पुल पर खड़ी मिली। परिजनों का आरोप है कि हत्या कर शव नदी में फेंका गया है, जबकि प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि युवक ने पुल से छलांग लगाकर खुदकुशी की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शुक्रवार की रात तकरीबन साढ़े 10 बजे एक युवक को कुछ लोगों ने मटौंध थाना क्षेत्र के भूरागढ़ इलाके में पुल से केन नदी में छलांग लगाते देखा। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सुबह पुलिस ने युवक का शव नदी से बाहर निकाला। युवक की बाइक के नंबर के आधार पर पुलिस ने परिजनों का पता लगाया और घटना की सूचना दी।
चाचा अवधेश ने बताया कि कृपांशु शुक्रवार की रात घर से एक लाख से अधिक रुपये लेकर निकला था। मौके से रुपये भी बरामद नहीं हुए हैं। आरोप लगाया कि कृपांशु का किसी से झगड़ा हुआ है। उसने रुपये छीनने के बाद हत्या कर शव नदी में फेंक दिया है। बताया कि वह तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। वह घर पर ही रहता था।
शनिवार की सुबह केन पुल के पास युवक का टूटा हुआ मोबाइल बरामद हुआ है। मटौंध थाना प्रभारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात को युवक ने केन नदी पुल से खुद छलांग लगाकर खुदकुशी की है। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाइक खड़ी करते हुए और पुल से नदी में कूदते हुए देखा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।