लहूलुहान युवक को जिला अस्पताल लाते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
ट्रैक्टर के लिए रास्ता न देने पर आपा खो बैठे दबंग ने मोपेड सवार युवक को अपने घर के सामने तमंचे से गोली मार दी। पुलिस ने लहूलुहान युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। घायल के भाई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। फिलहाल आरोपी फरार है।
घटना गिरवां थाना क्षेत्र के तरखरी गांव की है। गुरुवार को सुबह करीब 10:30 बजे विनोद तिवारी (37) मोपेड पर सवार होकर खेत जा रहा था। पड़ोस में ही रहने वाला दबंग रजोली पुत्र गिलियां अपना ट्रैक्टर लेकर आ रहा था। मोपेड किनारे न करने पर दबंग ने उसे ललकारा। कुछ ही देर बाद तमंचे से फायर कर दिया। गोली विनोद के बाएं कंधे पर लगी।
इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। पास में ही मौजूद अमित तिवारी ने यूपी-100 को सूचना दी। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। घायल के भाई प्रेम किशोर तिवारी ने गांव के ही रजोली के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घायल के साले विमल चतुर्वेदी ने बताया कि गांव में उसकी किसी से रंजिश नहीं है। आरोपी अपनी दबंगई से पूरे गांव को परेशान किए है। उधर, थानाध्यक्ष नीरज यादव ने बताया कि आरोपी फरार है। तलाश की जा रही है।