अवैध शस्त्र फैक्ट्री के पकड़े गए आरोपी
- फोटो : amarujala
थाना और चौकी पुलिस ने संयुक्त रूप से छापा मारकर पिता-पुत्र समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में असलहे और कारतूस बरामद किए। सभी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया। उधर, एक आरोपी ने खुद को निर्दोष बताकर पुलिस पर झूठा फंसाने का आरोप लगाया है।
मटौंध थानाध्यक्ष अब्दुल रज्जाक और भूरागढ़ चौकी प्रभारी अशोक कुमार निगम ने छापामार कर गोयरामुगली गांव निवासी रामकिशोर पुत्र प्रभुदयाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 315 बोर देशी राइफल और 5 कारतूस बरामद हुए। जबकि इंदिरा पुरवा निवासी सहयोगी लखन पुत्र रामपाल, मूलचंद्र पुत्र रामाधार और उसके पुत्र श्रीचंद्र उर्फ मझिला को पकड़ लिया। इनके पास से पुलिस ने क्रमश: दो 315 बोर तमंचा, 5 कारतूस तथा 12 बोर तमंचा व 5 कारतूस बरामद किए।
शुक्रवार को पकड़े गए सभी आरोपियों को पुलिस ने मीडिया के सामने पेश किया। अपर एसपी मायाराम वर्मा ने बताया कि गोयरा मुगली गांव अति संवेदनशील श्रेणी में शामिल है। बताया कि पकड़े गए आरोपी विधान सभा चुनाव के पूर्व किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। उधर, पुलिस द्वारा पकड़े गए मूलचंद्र ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उसे फर्जी मामले में गिरफ्तार किया है। पूछताछ के लिए उसे थाने बुलाया था। कुछ दिनों पहले पुलिस उसके दूसरे पुत्र को भी झूठे मामले में जेल भेज चुकी है।