अतर्रा। ट्रक से कुचलकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। बिसंडा थाना क्षेत्र के बाघा गांव के नगलापुरवा का मनोज सिंह (36) पुत्र शिवपूजन प्राइवेट तौर पर लुधौरा गांव में क्लीनिक चलाता था। छोटे भाई विनोद सिंह का नरैनी रोड में मेडिकल स्टोर है।
गुरुवार को सुबह मनोज छोटे भाई की बाइक लेकर बदौसा रोड स्थित पेट्रोल पंप पर गया था। बबेरू रोड हनुमानगढ़ी के पास पिकअप से बचने में सामने से आ रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हाईवे पर दुर्घटना होने से भीड़ के चलते आधा घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही। थानाध्यक्ष ने शव वहां से हटाकर पीजी कालेज के पास रखवा दिया। बाद में उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। मृतक के एक पुत्र और एक पुत्री है। उधर, दुर्घटना होते ही चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। पुलिस ने ट्रक कब्जे में ले लिया। पुलिस के मुताबिक बाइक सवार युवक हेलमेट नहीं पहने था।