ओरन में युवक की फांसी के बाद जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
मां की डांट से खफा 16 वर्षीय किशोरी ने फांसी लगाकर जान दे दी। उधर अन्य स्थान पर 18 वर्षीय युवक ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी वजह फिलहाल पता नहीं चली है। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बिसंडा थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव में बुधवार को दोपहर करीब साढ़े 11 बजे रामनारायण की पुत्री कु. पूजा घर में दुपट्टे से फंदा कसकर फांसी लगा ली। उसकी वहीं मौत हो गई। घटना के वक्त पिता जो पेशे से राजमिस्त्री है काम में गया हुआ था। मां पड़ोस में कहीं गई थी। तीन छोटे भाई घर में खेल रहे थे। इसी बीच पूजा ने मौका पाकर फांसी लगा ली। मां लौटी तो शव लटकते देखा। बताया कि घरेलू कामकाज को लेकर उसने पूजा को डांट दिया था। शायद इसी से क्षुब्ध होकर पूजा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सिंहपुर पुलिस चौकी प्रभारी शैलेंद्र पांडेय मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस घटना के कुछ घंटे बाद ओरन कस्बा (बिसंडा थाना) में दुलारे प्रजापति के 18 वर्षीय पुत्र अजय प्रजापति मकान की छत के छल्ले में कपड़ा बांधकर फांसी पर झूल गया। बेहद नाजुक हालत में उसे फंदे से उतारकर चौकी प्रभारी विनोद सिंह अपने वाहन में बिसंडा अस्पताल लाए, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। डाक्टरों ने मौत की पुष्टि कर दी। अजय बोरिंग करता था और घटना के दिन वह लौली टीकामऊ में बोरिंग करके लौटा था। पिता ने यह भी बताया कि अजय के हाथ में चोट के निशान हैं।