बांदा। संदिग्ध परिस्थितियों में छात्र की छत से गिरकर मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने दो दोस्तों पर शराब पिलाकर छत से फेंकने का आरोप लगाया है। तिंदवारी कस्बे के गांधी नगर निवासी सौरभ द्विवेदी (24) पुत्र आत्माराम का शव बुधवार को सुबह घर से कुछ दूर नाली में पड़ा मिला। परिजन उसे पीएचसी तिंदवारी लाए। यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता व भाई सत्यम ने बताया कि मंगलवार को शाम पड़ोसी दो दोस्त सौरभ को बाजार चलने की बात कहकर घर से ले गए थे। दोस्तों ने उसे जबरन शराब पिलाई। नशे की हालत में उसे एक पड़ोसी के मकान की छत पर लिटा दिया। रात को मारपीट कर छत से फेंक दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
पूछताछ करने पर गोलमोल जवाब दे रहे हैं। सुबह उसका शव घर के नजदीक नाली पर पड़ा मिला। बताया कि मृतक खप्टिहाकलां गांव स्थित एक प्राइवेट महाविद्यालय में बीए द्वितीय वर्ष का छात्र था। पंचनामा भरकर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, तिंदवारी थानाध्यक्ष एके सिंह का कहना है कि मृतक युवक शराब का लती था। अपने आप से छत से गिरकर उसकी मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।