खेत गए दलित युवक के साथ गांव के दबंग ने कुकर्म किया। विरोध करने पर पिटाई की। परिजनों ने थाने में तहरीर दी तो पुलिस ने मारपीट का मुकदमा दर्ज कर पीड़ित युवक को पीएचसी में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार को उसकी हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रिफर कर दिया गया।
कमासिन थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 18 वर्षीय युवक बुधवार को शाम खेत गया था। वहां पहले से मौजूद सजातीय युवक ने उसे दबोच लिया और कुकर्म किया। विरोध करने पर उसकी जमकर पिटाई की। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे तो वह भाग निकला। पीड़ित युवक के भाई ने थाने में घटना की सूचना दी।
पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर युवक को पीएचसी कमासिन में भर्ती कराया। बृहस्पतिवार को उसकी हालत बिगड़ी तो परिजन जिला अस्पताल ले आए। पीड़ित के भाई ने बताया कि पुलिस ने मारपीट का ही मामला दर्ज किया। शुक्रवार को परिजनों ने घटना की शिकायत डीआईजी से की।
उधर, कमासिन थानाध्यक्ष घनश्याम पांडेय ने बताया कि बुधवार को दोनों पक्षों ने मारपीट का मामला दर्ज कराया था। दूसरे पक्ष के राममिलन को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। परिजनों ने दुष्कर्म जैसी घटना की कोई जानकारी नहीं दी। तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज कर डॉक्टरी परीक्षण कराया जाएगा।
वांछित आरोपी गिरफ्तार
अतर्रा। डकैती कोर्ट में एक माह से वांटेड चल रहे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फतेहगंज थाने के काली डाड़ी गांव निवासी लालजी पटेल को पिछले साल डकैटी कोर्ट ने धारा 387 के मामले में गिरफ्तारी के आदेश दिए थे। तब से वह फरार चल रहा था। पुलिस ने शुक्रवार को उसे गांव से दबोच लिया।