रविवार रात राजघाट बालू खदान में गोलियां गूंजी। बालू निकालने के लिए चोरों के गुट भिड़ गए। सूचना पर पुलिस गई, लेकिन हाथ कोई न लगा। दूसरे दिन खनिज व पुलिस विभाग ने तीन बालू भरे ट्रैक्टर सीज कर दिए।
पथरिया, हटेटी पुरवा व राजघाट में अवैध खदानों से बालू निकालने के लिए कई बार गोली चलने की घटनाएं हुईं। फिर भी खनिज व पुलिस विभाग धड़ल्ले से बालू चोरी करने वालों पर लगाम नहीं लगा सका। रविवार की रात राजघाट में बालू निकालने के लिए दो गुटों में नोकझोंक हो गई। वर्चस्व को लेकर हवाई फायरिंग की गई। देर तक नदी घाट गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंजता रहा। सूचना पर कोतवाली पुलिस गई, लेकिन अंधेरा का फायदा उठाकर सभी फरार हो गए। प्रभारी निरीक्षक रनवीर सिंह ने बताया कि वह फोर्स और खनिज अधिकारी हवलदार सिंह यादव के साथ राजघाट गए थ लेकिन कोई नहीं मिला। सोमवार की रात फिर खनिज अधिकारी और उन्होंने राजघाट में दबिश दी और तीन बालू भरे ट्रैक्टर पकड़े। यह शिवबली पुत्र सुघर सिंह (बजरंग पुरवा), विजय करन पुत्र इंद्रपाल (कोतवाली नगर) व भारत पुत्र कल्लू (निम्नीपार) के बताए गए हैं। ट्रैक्टर सीज कर दिए गए।