नरैनी तहसील के बड़ोखर बुजुर्ग गांव में बिजली, पानी और सफाई जैसी समस्याओं से जूझ रहे ग्रामीणों की पैरवी में राष्ट्रीय बजरंग दल ने डीएम को ज्ञापन सौंपा। चेतावनी दी कि 48 घंटे में व्यवस्थाएं नहीं की गईं तो अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद और राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ता उग्र प्रदर्शन करेंगे।
सोमवार को राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला संयोजक और बड़ोखर बुजुर्ग गांव के बाशिंदे राम त्रिपाठी की अगुवाई में दल के युवाओं ने कलक्ट्रेट में सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की मंशा और घोषणाओं पर प्रशासन पलीता लगा रहा है। बड़ोखर बुजुर्ग गांव में पेयजल आपूर्ति के लिए टंकी और चार ट्यूबवेल लगाए गए हैं। इसमें लगभग सात करोड़ रुपया खर्च हुआ, लेकिन सब शोपीस बनकर रह गए हैं।
घरों में पानी नहीं पहुंच रहा। ग्रामीण पानी के लिए परेशान हैं। यही हाल सफाई व्यवस्था का है। आरोप लगाया कि सफाई कर्मी प्रधान से सांठगांठ कर बिना काम किए वेतन हथिया रहे हैं। गांव गंदगी से पटा पड़ा रहा है। गांवों को 18 घंटे बिजली की घोषणा भी यहां कोरी साबित हो रही है। समस्याओं की भरमार से ग्रामीणों में रोष पनप रहा है।
ज्ञापन देने वाले जत्थे में प्रखंड संयोजक आकाश श्रीवास्तव सहित दिनेश कुमार, लवकुश सविता, रवि कुमार, मंगल सिंह, आशुतोष द्विवेदी, शुभम सविता, सत्यम कुशवाहा, रोहित कुशवाहा, अभिषेक, अभय सिंह, विपिन कुमार, अमन तिवारी, मुकेश साहू, मनीष कुमार, गोलू पाल आदि शामिल रहे।