गर्भवती महिला ने ससुराल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मायके वालों ने मारपीट कर दहेज हत्या का आरोप लगाया है। ससुराल वालों का कहना है कि बीमारी से तंग आकर खुदकुशी की है।
पैलानी थाना क्षेत्र के पैलानी डेरा गांव में छेद्दी देवी (35) पत्नी राजेंद्र निषाद ने बुधवार की शाम छत के छल्ले में रस्सी बांध कर फांसी लगा ली। सुसर रामस्वरुप के मुताबिक बीमारी से तंग आकर फांसी लगाई। घटना के समय परिवार के सभी लोग फसल कटाई को गए थे। मृतक का पति राजेंद्र सिंघनकला पंडवन डेरा बालू खादान में मजदूरी करने गया था। खेत से वापस लौटने पर शव टंगा मिला।
उधर, फतेहपुर के ललौली थाना क्षेत्र के कुनुहा गांव निवासी मृतका के पिता रामस्वरुप ने बताया कि छेद्दी चार माह की गर्भवती थी। शादी 2007 में हुई थी। आरोप लगाया कि दहेज में एक लाख रुपये व बाइक की मांग कर शराब के नशे में पति अक्सर मारता-पीटता था। गांव की पंचायत में चार बार समझौता भी हुआ था। पैलानी थानाध्यक्ष शिव प्रसाद का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।