बांदा। जिला पंचायत तहबाजारी अड्डे पर विधायक बृजेश कुमार प्रजापति द्वारा वसूली रुकवाने और ठेकेदार के मुनीम द्वारा विधायक पर मारपीट और 26 हजार रुपये छीन ले जाने की पुलिस में दी गई तहरीर के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उधर, जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी ने कहा है कि तहबाजारी ठेकेदारों की सुरक्षा के लिए वह शासन को पत्र भेजेंगे।
शहर के नजदीक कनवारा बाईपास में जिला पंचायत का वसूली अड्डा है। तिंदवारी क्षेत्र के भाजपा विधायक बृजेश कुमार प्रजापति ने शनिवार को अवैध वसूली की बात कह कर वसूली रुकवा दी थी। बाद में ठेकेदार के मुनीम कमलेश त्रिपाठी ने शहर कोतवाली में एफआईआर के लिए तहरीर देकर विधायक और उनके 20 अन्य साथियों पर मारपीट व 26 हजार रुपये छीन लेने की तहरीर दी। हालांकि विधायक ने इन आरोपों को बेबुनियाद बताया है। कहा कि निर्धारित दरों से ज्यादा वसूली हो रही है। रविवार को शाम कोतवाली के प्रभारी/एसएसआई ताराचंद्र ने बताया कि मुनीम द्वारा दी गई तहरीर उन्हें मिल गई है। जांच की जा रही है। इसी के बाद अगली कार्रवाई होगी। उधर, जिला पंचायत के एएमए रणमत सिंह ने बताया कि तहबाजारी वसूली करने वाले ठेकेदारों की सुरक्षा के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि ठेकेदारों को सुरक्षा देना हमारा दायित्व है। तहबाजारी राजस्व वसूली है।