बेटे के साथ जा रही मां बाइक से गिरकर ट्रक के नीचे आ गई। उसकी कुचलकर वहीं मौत हो गई। बाइक चला रहा बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अन्य घटनाओं में दो बाइक सवार समेत तीन राहगीर घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। कोई बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए थे।
हमीरपुर जिले के गुसियारी गांव की शहरा (55) पत्नी रहमान खां बुधवार की सुबह अपने पुत्र शहगल (32) के साथ दवा लेने बाइक पर बांदा आ रही थी। मटौंध नेशनल हाइवे में ग्वाइन नाले के पास कबरई से गिट्टी लेकर आ रहे ट्रक ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी। शहरा बाइक से नीचे गिरकर ट्रक के पहिए के नीचे आ गई। कुचलकर वहीं मौत हो गई।
चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर यूपी-100 पुलिस ने घायल शहगल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पोस्टमार्टम हाउस में मृतका के बहनोई कादिर खां ने बताया कि शहरा दांत में दर्द की दवा लेने आ रही थी। मृतका के पति की 15 साल पूर्व बीमारी से मौत हो चुकी है। उसके तीन पुत्र व एक पुत्री है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। थाना इंसपेक्टर शशि कुमार पांडेय ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
अन्य घटना में जसपुरा थाना क्षेत्र के हरवंश पुरवा का जसवंत (25) मंगलवार की शाम चचेरे भाई भीखम (30) व शिवमंगल (32) एक ही बाइक पर जाते समय ट्रैक्टर की टक्कर से घायल हो गए। देहात कोतवाली क्षेत्र के चहितारा गांव का रामऔतार (32) मंगलवार की शाम बाइक से चिल्ला जाते समय पपरेंदा के पास गिरकर घायल हो गया।