संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में पथराव से एसी बोगी का टूटा कांच।
- फोटो : अमर उजाला
बांदा। मानिकपुर से दिल्ली जा रही यूपी संकर्प क्रांति एक्सप्रेेस ट्रेन पर छात्रों ने धावा बोल दिया। जमकर किए पथराव मेें ट्रेन के इंजन से लेकर एसी और जनरल बोगियों तक के शीशे चकनाचूर हो गए। चालक के सिर सहित कई अंगों मेें चोटे आईं। चालक और सहायक चालक ने इंजन में छिपकर अपनी जान बचाई। इंजन बदलकर देर रात ट्रेन को रवाना किया गया।
बृहस्पतिवार को शाम 6:05 बजे संपर्क क्रांति अतर्रा स्टेशन आई। 5 मिनट स्टापेज के बाद ज्यों ही ट्रेन रवाना हुई तभी छात्रों के झुंड ने नहर पुलिया के पास ट्रेन पर पथराव शुरू कर दिया। चालक आईए सिद्दीकी के सिर, मत्थे और हाथ में पत्थर लगने से चोट आई।
उन्होंने और सहायक चालक ने इंजन में खिड़की से नीचे लेटकर खुद को पथराव से बचाया। लगभग 20-25 मिनट बाद अतर्रा स्टेशन से जीआरपी पुलिस पहुंची और छात्रों को खदेड़कर ट्रेन को आगे रवाना किया। चालक क्षतिग्रस्त इंजन से किसी तरह ट्रेन को बांदा लाया।
यहां शाम करीब 7:30 बजे ट्रेन आई। चालक ने लोको नियंत्रण को लिखित अवगत कराया कि अतर्रा में होम सिग्लन के पास पथराव हुआ। जबकि जीआरपी बांदा थानाध्यक्ष हरविलास का कहना है कि घटना स्थल सिविल पुलिस क्षेत्र में है।
थानाध्यक्ष ने पथराव छात्रों द्वारा किया गया बताया। साथ ही यह भी कहा कि फिलहाल उन्हें ट्रेन स्टाफ से कोई तहरीर नहीं मिली है। ट्रेन को आगे रवाना करने के लिए खैराडा स्टेशन से दूसरा इंजन मंगाया गया। देर रात तक संपर्क क्रांति ट्रेन बांदा स्टेशन पर ही खड़ी रही।