बांदा। चोरों से कलेक्ट्रेट परिसर भी महफूज नहीं रहा। यहां बने नए भवन का ताला तोड़ कर चोरों ने लगभग 40 हजार रुपये का सामान पार कर दिया। ठेकेदार ने प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस को सूचना दी है।
डीएम कक्ष के नजदीक निर्माणाधीन भवन व टायलेट ब्लाक के दरवाजों की कुंडियां तोड़कर चोर 24 से ज्यादा पीतल की नल की टोटियां, सीमेंट और अन्य उपकरण ले गए। ठेकेदार दीपक शुक्ला ने बताया कि चोरी गए सामान की कीमत लगभग 40 हजार रुपये है। यह भी बताया कि तीन माह पूर्व भी चोर ताले तोड़कर लगभग 10 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए थे। कहा कि सिटी मजिस्ट्रेट और कोतवाली में घटना की लिखित सूचना देंगे।