बांदा। एक पखवारे पहले घर से अपहृत र्हुई युवती नाटकीय ढंग से वापस आ गई। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। उधर, आरोपी युवक महाराष्ट्र भाग निकला। चिल्ला थाना क्षेत्र में एक गांव की 19 वर्षीय युवती रक्षाबंधन पर ससुराल से मायके आई थी। 20 अगस्त को वह गांव से कौशल विकास मिशन प्रशिक्षण का प्रमाणपत्र लेने बांदा आई थी। यहां से मवई गांव निवासी सत्य प्रकाश उर्फ पुनीत उसे झांसा देकर दिल्ली ले गया। युवती के घर न पहुंचने पर पिता ने सत्य प्रकाश के खिलाफ कोतवाली में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई।
शनिवार को नाटकीय ढंग से युवती घर पहुंच गई। घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने रविवार को यहां जिला महिला अस्पताल में उसका मेडिकल कराया। युवती ने बताया कि सत्य प्रकाश उसे दिल्ली ले गया। कुछ दिन बाद हरियाणा ले जाकर वहां एक कमरे में छोड़कर मां की बीमारी बताकर खुद महाराष्ट्र चला गया। सत्यप्रकाश ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया था। किसी तरह वह दिल्ली से शनिवार को महोबा आई और पुलिस को घटना बताई। परिजन उसे महोबा से घर ले आए। कोतवाली प्रभारी केपी सिंह का कहना है कि मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।