शहर कोतवाली पुलिस ने शनिवार को सुबह जीआईसी गेट के पास दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से 36 मोबाइल बरामद किए हैं। इनकी कीमत लगभग पौने छह लाख रुपये बताई गई है। पकड़े गए दोनों झारखंड निवासी हैं। पुलिस ने इन्हें अंतररज्यीय मोबाइल चोर गिरोह का सदस्य बताया है।
शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक एलबीके पाल ने पुलिस कार्यालय में मीडिया को बताया कि कोतवाली प्रभारी अखिलेश मिश्रा, एसआई अनिरुद्ध प्रताप सिंह व अनूप पांडेय (सिविल लाइन चौकी), उपेंद्र सिंह (बलखंडीनाका चौकी) और मुख्य आरक्षी इकबाल खां और कांस्टेबल वीर सिंह ने घेराबंदी कर चंदर नोनिया पुत्र सौदागर निवासी बाबूपुर (साहबगंज, झारखंड) और मनोज सिंह पुत्र सुशील सिंह निवासी तीन पहाड़ (साहबगंज, झारखंड) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक इन्होंने स्वीकार किया वह बालकों को लालच देकर उनसे मोबाइल फोन चुरवाते हैं। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में दोनों का चालान किया है।