बांदा। पत्नी की बेवफाई से क्षुब्ध युवक ने उसी के दुपट्टे से फांसी लगाकर जान दे दी। बरामद सुसाइड लेटर में पुलिस और विधायक का भी जिक्र किया गया है। हालांकि पुलिस फिलहाल जांच की बात कह रही है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के महोखर गांव में मुकेश निगम (26) पुत्र कामता प्रसाद ने शुक्रवार की रात आंगन में पत्नी के दुपट्टे से गले में फंदा कसकर जान दे दी। पिता ने शव टंगा देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आसपास का मुआयना कर किताब में लिखा सुसाइड नोट बरामद कर शव का पोस्टमार्टम कराया।
भाई नरेश निगम ने बताया कि मुकेश बरेली में संविदा पर रोडवेज परिचालक था। 11 माह पूर्व बांदा शहर के धीरज नगर में योगिता पांडेय से प्रेम विवाह किया था। डेढ़ माह पूर्व पुलिस ने जबरन योगिता को उसके माता-पिता को सौंप दिया। इस दौरान मुकेश को उससे मिलने भी नहीं दिया गया।
पत्नी को वापस ससुराल लाने के लिए उसने काफी प्रयास किए, लेकिन कुछ नहीं हुआ। दो दिन पूर्व 17 अगस्त को अदालत में पत्नी द्वारा साथ रहने से मना करने पर मुकेश परेशान हो गया। इसी के चलते उसने खुदकुशी कर ली। मुकेश बीएससी किए था।
उधर, सुसाइड नोट में विधायक और कोतवाली देहात की निवर्तमान थाना प्रभारी समेत पत्नी के माता-पिता द्वारा उत्पीड़न का आरोप लगाया है। मृतक की मां ऊषा और भाई नरेश ने निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। पूर्व मंत्री विवेक कुमार सिंह ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की।
पूर्व मंत्री विवेक कुमार सिंह ने महोखर की घटना को गंभीर बताते हुए पुलिस के रवैए पर उंगली उठाई है। शनिवार को अपने आवास में प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि सुसाइड नोड में सत्तारूढ़ पार्टी के एक विधायक का जिक्र है। राजनैतिक और पुलिस के दबाव में उसे आत्महत्या के लिए विवश होना पड़ा। उन्होंने मंडलायुक्त से मुकेश निगम की मृत्यु के दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की। उन्होंने मामले की उच्च स्तरीय जांच की वकालत की।
-दोनों ने किया था प्रेम विवाह, बरेली में संविदा पर रोडवेज परिचालक था युवक
अमर उजाला ब्यूरो