बांदा। ससुराल में विवाद तूल पकड़ जाने पर जीजा ने साले को तमंचे से गोली मार दी। गोली गर्दन में जा धंसी। बेहद नाजुक अवस्था में घायल को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया है। आरोपी फरार हो गया। पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तहरीर का इंतजार है।
घटना बिसंडा थाना क्षेत्र के बड़ागांव में बुधवार की रात की है। बबेरू कोतवाली क्षेत्र के साथी गांव का पहलवान सिंह पटेल अपनी ससुराल बड़ागांव आया हुआ था। यहां किसी बात पर रिश्ते में साले विनोद (45) पुत्र शिवप्रसाद से उसका विवाद हो गया। कुछ ही देर बाद पहलवान ने 315 बोर के तमंचे से विनोद को गोली मार दी।
गर्दन में गोली लगने के बाद विनोद खून से लथपथ अवस्था में वहीं गिर पड़ा। पहलवान सिंह भाग निकला। विनोद के भाई और पत्नी आदि तत्काल उसे जिला अस्पताल लाए। फौरन ही उसे यहां से कानपुर रेफर कर दिया गया। वहां एक नर्सिंग होम में उसका इलाज चल रहा है। हालत नाजुक बताई गई है। विनोद पेशे से किसान है।
घायल विनोद के भाई रामेश्वर ने बताया कि घटना के समय दोनों शराब के नशे में थे। इसी में विवाद हुआ। यह भी बताया कि करीब चार साल पूर्व जीजा पहलवान सिंह ने अपने सगी मौसी के लड़के की गोली मारकर हत्या कर दी थी। काफी दिन जेल में रहा। अब जमानत पर है।
बिसंडा थाना के उप निरीक्षक कैलाश बाबू ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि परिजन घायल को लेकर कानपुर चले गए हैं। उनके आने पर तहरीर लेकर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। पुलिस जांच कर रही है।