बांदा। तीन अलग-अलग बाइक दुर्घटनाओं में युवक समेत तीन की मौत हो गई। एक बाइक सवार के सिर पर हेलमेट नहीं था। एक घटना में मृतक की पत्नी ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस जांच की बात कह रही है।
पहली घटना में तिंदवारी थाना क्षेत्र के गरौंती गांव का नत्थुवा (48) पुत्र कलुवा गांव के ही रणधीर (28) पुत्र शत्रुघन के साथ गुरुवार को बांदा आया था। शाम को बाइक पर वापस जाते समय बांदा-टांडा हाईवे पर मूंगुस गांव के पास बाइक को ट्रक ने टक्कर मार दी।
बाइक पर पीछे बैठे नत्थुवा की मौके पर मौत हो गई। रणधीर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उधर, मृतक की पत्नी उर्मिला ने बताया कि अंतिम संस्कार के बाद वह पुलिस को तहरीर देगी। उर्मिला ने इसे हत्या बताया है। तिंदवारी प्रतिनिधि के मुताबिक थाना इंसपेक्टर अंगद प्रताप सिंह ने दुर्घटना से हुई मौत बताया है। कहा कि जांच की जा रही है।
दूसरी घटना में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के मऊ गांव का झल्लू (65) पुत्र कल्लू शुक्रवार को सुबह साइकिल पर सहेवा गांव जा रहा था। जमरेही गांव के पास तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से उसकी मौत हो गई। बाइक सवार जमरेही (गिरवां) गांव निवासी हसीक (16) पुत्र नबी हसन भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
यूपी-100 ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। तीसरी घटना नरैनी कोतवाली क्षेत्र के पनगरा गांव के पास की है। राजेश यादव (28) पुत्र बिंदा प्रसाद नरैनी में एक ट्रैक्टर एजेंसी में सेल्स मैनेजर था। गुरुवार को शाम बाइक पर वापस पनगरा गांव आते समय गांव के नजदीक बाइक पलट गई और वह गिरकर जख्मी हो गया। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। परिजनों ने हार्ट अटैक की आशंका जताई है। बहन रेखा ने बताया कि दो साल पूर्व शादी हुई थी। कोई संतान नहीं है।