अमर उजाला ब्यूरो
अतर्रा। आयुर्वेदिक महाविद्यालय में नववर्ष की पार्टी कर रहे बैंक प्रबंधक और कर्मियों ने नशे में हंगामा शुरू कर दिया। छात्र-छात्राओं के विरोध करने पर मामला तूल पकड़ा गया और मारपीट हो गई। पुलिस ने शांतिभंग में दो लोगों का चालान किया है। मौके से बैंक प्रबंधक की गाड़ी बरामद हुई।
सोमवार को सुबह आयुर्वेद कॉलेज में गर्ल्स हास्टल के पास बैंक अधिकारी व कर्मचारी व कॉलेज के कुछ कर्मचारी न्यू ईयर की पार्टी का जश्न मना रहे थे। कुछ लोग नशे में धुत होने के बाद हंगामा शुरू कर दिया। तभी हास्टल की छात्राओं व कुछ छात्रों ने इस पर विरोध जताया। जश्न में खलल पड़ता देख बैंक अधिकारी आपा खो बैठे और मारपीट पर आमादा हो गए। सूचना मिली तो थाने की पुलिस आ धमकी। दो लोग पुलिस के हत्थे चढ़ गए। दोनों नशे में थे। पुलिस ने उनका शांति भंग में चालान कर दिया।
उधर, बताया गया कि पुलिस पांच लोगों को पांच घंटे हिरासत में लिए रही। लेकिन तीन को छोड़ दिया। प्राचार्य कंचन गुप्ता ने कहा कि मारपीट हुई है पर समझौता हो गया है। उधर, इंसपेक्टर दुर्ग विजय सिंह ने बताया कि दो लोगों को पकड़ा गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। मौके से दो वाहन बरामद किए गए हैं।
-शाखा प्रबंधक व कर्मियों ने छात्रों से की मारपीट
-शांति भंग में दो का चालान, कार व बाइक मिली