जहरखुरानी का शिकार अध्यापक की मौत
ब्यूरो
बलरामपुर। प्राइवेट विद्यालय का शिक्षक रविवार को रेलवे स्टेशन के पास जहर खुरानी का शिकार हो गया। बेहोशी हाल में स्थानीय लोगों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृत पवन सिंह (25) पुत्र जगतप्रताप सिंह कानपुर जिले के सजेपी थाना क्षेत्र के टिकवापुर गांव का निवासी था। वह देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज बाजार के पास स्थित किसी प्राइवेट विद्यालय में शिक्षक था। वह रविवार को कानपुर जाने के लिए रविवार को आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंचा। जहां वह जहर खुरान गिरोह के सदस्यों के हत्थे चढ़ गया। जहर खुरान पवन को नशीला पदार्थ खिलाकर उसके पास मौजूद रुपये आदि लूटकर फरार हो गए। पवन बेहोशी हाल में रेलवे स्टेशन के पास पड़ा हुआ था। स्थानीय लोगों की मदद से उसके रविवार को दिन में 1.40 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान शाम 6.10 बजे उसकी मौत हो गई। पवन की जेब से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान हुई। पुलिस घर वालों को सूचना देकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दी।