अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। नोटबंदी के बाद स्टेट बैंक की बांदा मुख्य शाखा जमा हुए नकली नोटों के मामले में रिजर्व बैंक कानपुर की चेस्ट ब्रांच ने यहां के स्टेट बैंक शाखा प्रबंधक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस के मुताबिक हाल ही में रिजर्व बैंक कानपुर की चेस्ट ब्रांच ने यहां पुलिस को सील बंद लिफाफे में कुछ नोट भेजे थे। यह लगभग 3 लाख 9 हजार रुपये थे। इसमें एक हजार के 178 पुराने नोट और 500 के 262 पुराने नोट शामिल थे। इन नोटों को बांदा स्टेट बैंक की मुख्य शाखा ने कानपुर रिजर्व बैंक की चेस्ट ब्रांच को जमा किया था।
रिजर्व बैंक के दावा अनुभाग ने बांदा पुलिस अधीक्षक को नोटों सहित पत्र भेजकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने को लिखा था। इस पर सोमवार की देर रात बांदा शहर कोतवाली में स्टेट बैंक बांदा की मुख्य शाखा प्रबंधक के खिलाफ आईपीसी की धारा 489-ए से लेकर 489-ई तक में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। अपर पुलिस अधीक्षक लाल भरत कुमार पाल और शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने रिपोर्ट दर्ज होने की पुष्टि की है।
-बांदा एसबीआई प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर
-3 लाख 9 हजार के जमा करा लिए नकली नोट
-नकली नोटों को सीलकर आरबीआई ने भेजी तहरीर