अमर उजाला ब्यूरो
बांदा। घर में अकेला पाकर युवती के साथ पड़ोसी स्वजातीय युवक ने तमंचा अड़ाकर दुराचार किया। घटना के एक हफ्ते बाद पुलिस ने छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज करके युवती का मेडिकल परीक्षण कराया है। आरोपी युवक फरार है।
गिरवां थाना क्षेत्र के एक गांव में एक सप्ताह पूर्व 28 वर्षीय युवती अपने घर के आंगन में सो रही थी। आरोप है कि रात को पड़ोसी स्वजातीय युवक कुंडी खोलकर अंदर आ गया और छेड़छाड़ करने लगा। इसी बीच युवती की नींद खुल गई। शोर मचाना चाहा तो युवक ने सीने पर तमंचा अड़ा दिया। कमरे में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया।
इसी बीच वहीं सो रही युवती की लगभग आठ वर्षीय पुत्री के जाग जाने पर युवक धमकी देकर भाग निकला। घटना के समय पति फसल काटने खेत गया था। युवती ने फोन पर उसको सूचना दी। पति ने गांव आकर खुरहंड चौकी में तहरीर दी। पति के मुताबिक, पुुलिस एक हफ्ते तक उसे टालती रही। अब मंगलवार को गिरवां थाने में छेड़छाड़ की धारा 354 की रिपोर्ट की है। बुधवार को पुलिस ने युवती का जिला महिला चिकित्सालय में परीक्षण कराया। उधर, गिरवां थानाध्यक्ष नीरज यादव ने दुराचार से इनकार किया और कहा कि पति की तहरीर के मुताबिक रिपोर्ट लिखी गई है। फिलहाल आरोपी फरार है।
-पुलिस ने हफ्तेभर बाद छेड़छाड़ दर्ज की
-जिला अस्पताल में युवती का कराया परीक्षण
-पति की तहरीर पर दर्ज हुई रिपोर्ट