बांदा। खेत में खड़ी फसल बालू भरे ट्रक-ट्रैक्टर से रौंदने का विरोध करने पर किसान को दबंगों ने हमलाकर लहूलुहान कर दिया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने एक व्यक्ति के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की है।
जिला अस्पताल में भर्ती मटौंध थाना क्षेत्र के मरौली गांव निवासी आकाश (30) ने बताया कि रविवार की शाम लगभग 6:30 बजे उसके खेत से बालू के ट्रक और ट्रैक्टर निकाले जा रहे थे। फसल चौपट हो रही थी। जबकि ट्रकों का रास्ता दूसरा था। लेकिन वहां जाम लगने से उसके खेत से निकाला जा रहा था। विरोध करने पर तीन दबंग आ गए। यह सब तमंचा, फरसा और डंडों से लैस थे। उस पर हमला कर दिया।
आकाश का कहना है कि तमंचे से गोली मारनी चाही, लेकिन उसकी मां उससे लिपट गई। मरणासन्न अवस्था में छोड़कर धमकाते हुए आरोपी चले गए। आकाश के मुताबिक हमलावर खदान से जुड़े हैं। उधर, मटौंध थाना इंसपेक्टर अरविंद सिंह गौर ने बताया कि एक व्यक्ति के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। ट्रैक्टर निकालने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ है।