तिंदवारी। ‘मैंने तुमसे पहले ही कहा था जहां जाना हो चली जाना। पर मेरा घर मत बर्बाद करना, लेकिन तुमने वही किया। पिता का साया तो पहले ही मेरे सिर से उठ गया। अब तुमने मां को भी छीन लिया।’ तिंदवारी थाना क्षेत्र के माटा गांव में प्रेमी देवर के साथ वृद्ध सास की ईंट से कूंचकर हत्या कर देने वाली किरन से थाने में उसके पति प्रताप उर्फ पप्पू ने नफरत भरी निगाहों के बीच ये तीखे अल्फाज कहे। किरन उससे आंख नहीं मिला सकी। रविवार को हैदराबाद से लौटा प्रताप मां के शव से लिपटकर बहुत रोया। साथ में उसका छोटा भाई सुनील भी था।
थाने पहुंचे प्रताप ने अपनी पत्नी किरन और कथित प्रेमी व अपने ममेरे भाई राजेंद्र यादव को देखा। पत्नी से उपरोक्त पीड़ा बयां करने के बाद राजेंद्र की तरफ देखते हुए प्रताप ने कहा- जब मेरा ही सिक्का खोटा है तो तुमको क्या कहूं? मेरी मां जो तुम्हारी बुआ थीं ने अपने हाथों से तुम्हें खिलाया और दुलराया। कितने बार उसके हाथ का बना खाना खाया। उसी की हत्या करते हुए तुम्हें जरा भी शर्म नहीं आई? आरोपी राजेंद्र सिर झुकाए सब सुनता रहा।
दोनों गए जेल, शव का अंतिम संस्कार
तिंदवारी। सास की हत्या में नामजद हत्याभियुक्त बहू किरन और नामजद उसके प्रेमी राजेंद्र यादव को पुलिस ने रविवार को जेल भेज दिया। दोनों घटना के बाद ही गिरफ्तार हो गए थे। थानाध्यक्ष चंद्रकांत शुक्ला ने बताया कि दोनों का मेडिकल और अन्य विधिक कार्रवाई की गई है। उधर, भोला देवी के शव का शनिवार को शाम बांदा मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम हुआ। उसके दोनों बेटों पप्पू व सुनील, परिजनों और ग्रामीणों ने शव को मुख्यालय स्थित मुक्तिधाम में ही अंतिम संस्कार कर दिया। मुखाग्नि बड़े बेटे पप्पू ने दी।