बांदा। बालकों के यौन उत्पीड़न के मुख्य आरोपी रामभवन (निलंबित जेई) और सह आरोपी पत्नी दुर्गावती और तीसरे आरोपी आकिब प्रकरण की सुनवाई सीबीआई विवेचक के उपस्थित न होने पर टल गई। न्यायाधीश ने अगली तारीख 20 अक्तूबर निर्धारित की है।
विशेष न्यायाधीश (पास्को) अनु सक्सेना से सह आरोपी दुर्गावती के अधिवक्ता भूरा प्रसाद निषाद ने कहा कि सीबीआई की विवेचना, तलाशी और आरोपियों से पूछताछ के बाद जो भी बरामदगी दर्शाई गई है, उसकी प्रतियां नहीं दी जा रही हैं।
सुनवाई के दौरान सीबीआई मुख्यालय से आए पैरोकार विजय पाल सिंह ने सीबीआई विवेचक प्रदीप कुमार त्रिपाठी की ओर से अस्वस्थता का प्रार्थना पत्र अदालत को सौंपा। न्यायाधीश ने सुनवाई की तिथि 20 अक्तूबर निर्धारित कर दी। पैरोकार विजय पाल सिंह ने कहा कि अगली तारीख में सभी सामग्रियों की प्रतियां उपलब्ध करा दी जाएंगी। मुख्य आरोपी रामभवन की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता रामस्वरूप सिंह भी अदालत में उपस्थित रहे।