बांदा। टिकट घोषित करने में अन्य दलों से सबसे पीछे चल रही कांग्रेस ने अंतत: रविवार को जिले की चार सीटों में सिर्फ तीन पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। घोषित तीनों प्रत्याशी परास्नातक हैं। एक सीट (तिंदवारी) में फिलहाल कांग्रेस हाईकमान प्रत्याशी का फैसला नहीं ले सकी।
भाजपा और बसपा सभी सीटों पर नाम घोषित कर चुकी है। उधर, सपा भी अभी तक बबेरू के बारे में कोई फैसला नहीं ले सकी। काफी इंतजार के बाद रविवार को कांग्रेस ने बांदा की तीन सीटों के लिए प्रत्याशियों की सूची जारी की। इनमें सुरक्षित सीट नरैनी में महिला को मौका दिया है। सोमवार से इन प्रत्याशियों के नामांकन प्रक्रिया शुरू करने के आसार हैं।
सदर सीट से कांग्रेस द्वारा प्रत्याशी बनाए गए लक्ष्मी नारायण गुप्ता बांदा शहर के बाशिंदे और प्रमुख व्यवसायी हैं। शैक्षिक योग्यता एमकाम है। पूर्व में उत्तर प्रदेश युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव सहित जिला स्तर पर भी कांग्रेस में पदाधिकारी रहे। श्री गुप्त के मुताबिक वह पिछले 35 वर्षों से कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में काम कर रहे हैं।
अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित सीट नरैनी से कांग्रेस प्रत्याशी घोषित की गईं पवन देवी कोरी टिकट की दौड़ में काफी आगे चल रही थीं। मूलरूप से बांदा शहर के बिजलीखेड़ा की रहने वाली पवन वर्ष 2008 से कांग्रेस में सक्रिय हैं। कांग्रेस अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। उन्हें इसी प्रकोष्ठ का चित्रकूटधाम मंडल प्रभारी भी नियुक्त किया गया है। पति परिषदीय स्कूल में अध्यापक हैं। पवन देवी की शैक्षिक योग्यता बीए, एमएड हैं।
बबेरू विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस द्वारा घोषित किए गए प्रत्याशी गजेंद्र सिंह पटेल राजनीति में पहले से ही सक्रिय हैं। अपने सियासी सफर की शुरूआत वर्ष 2000 में बसपा से की। वर्ष 2007 में ब्लाक प्रमुख चुनाव में संचालन समिति अध्यक्ष रहे। वर्ष 2010 में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता। मई 2016 से कांग्रेस में सक्रिय हैं। शैक्षिक योग्यता परास्नातक है।
पवन देवी।- फोटो : BANDA
लक्ष्मी नारायण गुप्ता।- फोटो : BANDA