रोडवेज बस स्टैंड में बस का इंतजार करते यात्री। संवाद
- फोटो : BANDA
बांदा। प्रथम चरण के चुनाव में पुलिस को ले जाने के लिए चित्रकूटधाम मंडल की 24 रोडवेज बसें प्रयागराज व आगरा भेजी गई हैं। इसका खामियाजा कई रूटों के अन्य यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है।
रविवार को कानपुर, महोबा और नरैनी रूटों पर जाने वाले यात्री रोडवेज बस अड्डे में खड़े रहे पर उन्हें बसें नहीं मिलीं। मजबूरन प्राइवेट और डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ा। प्रथम चरण चुनाव के लिए बांदा व चित्रकूट से पुलिस फोर्स प्रयागराज व आगरा जाएगा। इनके लिए महोबा डिपो की 8 व बांदा डिपो की 16 बसें भेजी गई हैं।
फतेहपुर निवासी आनंद बिहारी ने बताया कि 12 बजे से दो बजे तक बैठे रहे पर फतेहपुर के लिए कोई बस नहीं मिली। मर्दन नाका निवासी अनीस का कहना है कि महोबा जाने के लिए दो घंटे बाद भी बस नहीं मिली। रोडवेज एआरएम परमानंद ने बताया कि यात्रियों को दिक्कत न हो इसलिए अन्य बसों के फेरे बढ़ाए गए हैं।