बांदा। चौथे चरण के लिए 11 जिलों में चुनाव प्रचार को लेकर कांग्रेस ने स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। 40 स्टार प्रचारकों में बुंदेलखंड के भी दो दिग्गज शामिल हैं। इनके अलावा छह महिलाएं और पांच मुस्लिम चेहरे भी प्रचारक हैं। चौथे चरण में प्रतापगढ़, कौशांबी, इलाहाबाद, जालौैन, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट व रायबरेली में 23 फरवरी को मतदान है। नौ फरवरी को नाम वापसी के बाद प्रमुख दलों का प्रचार भी परवान चढ़ेगा। कांग्रेस ने चौथे चरण के लिए अपने स्टार प्रचारक घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस के महासचिव (प्रशासन) डा. आरपी त्रिपाठी ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त को प्रचारकों की सूची भेजी है।
इसमें बुंदेलखंड के पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और ब्रजलाल खाबरी के भी नाम स्टार प्रचारक में शामिल हैं। इनके अलावा महिला स्टार प्रचारकों में सोनिया गांधी व प्रियंका वाड्रा समेत पूर्व मुख्यमंत्री शील दीक्षित, मीरा कुमारी, शोभा ओझा व साधना भारती और मुस्लिम प्रचारकों में गुलाम नबी आजाद, सलमान खुर्शीद, मीम अफजल, रिजवान जहीर व जुबैर खान भी प्रचार करेंगे। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह व राहुल गांधी समेत प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर, दिग्विजय सिंह, कानपुर के पूर्व सांसद श्रीप्रकाश जायसवाल, सतीश शर्मा, पीएल पुनिया, निर्मल खत्री, ज्योतिरादित्य सिंधिया, सचिन पायलट, क्रिकेटर नवजोत सिंह सिद्धू, अखिलेश दास, मनीष तिवारी आदि भी विधानसभा क्षेत्रों में जीत के लिए रैलियां करेंगे।