फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कस्तूरबा विद्यालय में चतुर्थ श्रेणी कर्मी ने गोली मारकर जान दी

विज्ञापन
बांदा के बबेरू में घटनास्थल पर पहुंचे सीओ, इंस्पेक्टर, बीएसए और पूर्व विधायक आदि। - फोटो : BANDA
विज्ञापन
बबेरू (बांदा)। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। शव के पास से ही तमंचा मिला है। पुलिस प्रथमदृष्टया आत्महत्या मान रही है, जबकि परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि दोनों बिंदुओं पर जांच की जा रही है।
विज्ञापन

कोतवाली क्षेत्र के परसौली गांव का चंद्रशेखर द्विवेदी (50) पुत्र बोधन द्विवेदी कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय बबेरू में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी था। शनिवार की सुबह करीब 8 बजे वह ड्यूटी पर विद्यालय आया और साफ सफाई की। विद्यालय का स्टाफ भी मौजूद था।
कुछ देर बाद कमरे से गोली चलने की आवाज पर स्टाफ कर्मी भागकर पहुंचे तो चंद्रशेखर लहूलुहान हालत में पड़ा था। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। गोली उसकी कनपटी पर लगी थी। पास में ही 315 बोर का तमंचा पड़ा था। इससे विद्यालय में हड़कंप मच गया। तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर चंद्रशेखर के भाई केवल द्विवेदी, राजा भइया, रामानंद और भतीजी अर्चना व अन्य परिजन भी आ गए।
विज्ञापन

परिजनों ने बताया कि चंद्रशेखर का परिवार सर्वोदय नगर (बांदा) में रहता है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। उधर, पुलिस को विद्यालय स्टाफ ने बताया कि विद्यालय की एक पूर्व छात्रा से चंद्रशेखर अक्सर देर तक बातें करता था। चर्चा है कि घटना के कुछ देर पहले छात्रा का भाई विद्यालय आया और चंद्रशेखर की शिकायत की।
माना जा रहा है कि इसी से क्षुब्ध और शर्मसार होकर चंद्रशेखर ने खुद को गोली मार ली। पुलिस ने मृतक के खिलाफ शस्त्र अधिनियम की धारा 3/25 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सूचना पर एसडीएम महेंद्र प्रताप सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी राजीव प्रताप सिंह व कोतवाली प्रभारी जयश्याम शुक्ला और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी हरिश्चंद्र नाथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने विद्यालय कर्मियों से पूछताछ की। कोतवाली प्रभारी के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या की घटना है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि हत्या की आशंका जैसी तहरीर मिली तो उस बिंदु पर भी जांच की जाएगी। चंद्रशेखर की पत्नी पुष्पादेवी के अलावा एक पुत्र और एक पुत्री भी हैं। पूर्व विधायक विशंभर सिंह यादव, खंड शिक्षाधिकारी कैलाश सिंह भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें