-विवेचक ने पूरी की विवेचना, मजबूत साक्ष्य और लगाई ठोस धाराएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बांदा। चिल्ला थाना क्षेत्र के एक गांव में मासूम के साथ दरिंदगी की घटना के बाद थाना पुलिस ने शुक्रवार को ही विवेचना पूरी कर ली है। विवेचक ने शनिवार को चार्जशीट सीओ आफिस में दाखिल कर दिया है। अब यह चार्जशीट सोमवार को न्यायालय में दाखिल होने की उम्मीद है।
चिल्ला थाना क्षेत्र के एक गांव में तीन जून की दोपहर तीन बजे पड़ोसी शादीशुदा सुनील निषाद ने पड़ोस की तीन वर्षीय मासूम को टॉफी देने का बहाना बनाकर अपने घर ले जाकर साथ दुष्कर्म किया था। उसके बाद सिर में चोट कर उसे बेहोश कर मछली रखने वाली बर्फ की पेटी में रखकर गांव से करीब 10 किलोमीटर दूर पदारथपुर जंगल में फेंक आया था।
उसी रात मासूम को जंगल से मरणासन्न हालत में बरामद कर आरोपी सुनील निषाद को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया था। मासूम की पिछले बुधवार को कानपुर हैलट अस्पताल में मौत हो गई थी। विवेचक रामदिनेश तिवारी ने विवेचना पूरी कर ली है। साक्ष्य के तौर पर आइस बाक्स, साइकिल, आरोपी के कपड़े, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आदि को साक्ष्य के तौर पर शामिल करते हुए विवेचना को पूरा किया है। इस प्रकरण में अपहरण, बंधक बनाकर रखना, दुष्कर्म और उसे मरणासन्न स्थिति में छोड़ देना, पाक्सो के अलावा अब हत्या की धारा भी लगाई गई है। शनिवार को चार्जशीट को सीओ पेशी में दी गई है। यहां से यह चार्जशीट अब सोमवार को दाखिल की जाएगी।
वर्जन...
मासूम के प्रकरण में विवेचना पूरी हो गई है। सीओ पेशी से चार्जशीट सोमवार को न्यायालय में दाखिल की जाएगी। मुकदमें से संबंधित सभी साक्ष्य जुटाए गए हैं। पलाश बंसल, पुलिस अधीक्षक, बांदा।