Brother dies due to current between sister's wedding bells
- फोटो : BANDA
बांदा। बहन की शादी की शहनाइयों के बीच छोटे भाई की करंट से मौत हो गई। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। उधर, शव सीएचसी में रखकर बहन को बिना बताए शादी की रस्में पूरी की गईं। सुबह बहन को जानकारी हुई तो उसने विदाई से इनकार कर दिया।
बबेरू कोतवाली क्षेत्र के पडरी गांव में सोमवार को शिवलखन की बेटी सूरजकली की शादी थी। रात में बरात घर आई ही थी कि टेंट का एक पोल टेढ़ा हो गया। जिसे दौड़कर दुल्हन के छोटे भाई तेजराम (21) ने सीधा करना चाहा। पोल ऊपर से निकली हाईटेंशन विद्युत लाइन से टच हो गया और तेजराम पोल में ही चिपक गया। घर के लोग दौड़े और उसे पोल से अलग कर सीएचसी लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे से पूरे घर में मातम छा गया। परिजनों ने शव को पूरी रात सीएचसी में रखकर दुल्हन को बिना बताए शादी की रस्में पूरी कीं।
सुबह दुल्हन को इसकी जानकारी हुई तो उसने विदाई से मना कर दिया। भाई के अंतिम संस्कार के बाद ही जाने की बात कही। मृतक के चचेरे भाई ज्ञान ने बताया कि तेजराम अर्थरा डिग्री कालेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र था। तीन भाइयों में बड़ा था। पिता खेती किसानी करते हैं। इंस्पेक्टर अरुण कुमार पाठक का कहना है कि तेजराम की मौत करंट लगने से हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
घटना से ग्रामीणों में आक्रोश
बांदा। बस्ती के अंदर हाईटेंशन विद्युुत लाइन के तारों के लटकने से हुए हादसे के बाद ग्रामीणों में खासा आक्रोश है। ग्रामीण शिवभवन, दीनदयाल, रामकिशोर, बहोरी लाल आदि ने बताया कि कई बार विद्युत विभाग के अधिकारियों से तारों को कसने के लिए कहा गया। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तार कस दिए गए होते तो शायद यह घटना न होती। (संवाद)