बबेरू। चोरों ने हनुमान मंदिर का ताला तोड़कर चोर चांदी का मुकुट और नकदी उठा ले गए। सुबह पुजारी को घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
कोतवाली क्षेत्र के मुरवल गांव से करीब 500 मीटर की दूरी पर हनुमान जी का प्राचीन मंदिर स्थापित है। इस मंदिर में प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचते हैं। शनिवार की रात मंदिर के पुजारी रामेश्वर दास महाराज पूजा अर्चना कर मंदिर का ताला बंद कर सोने चले गए। रविवार को सुबह करीब पांच बजे पुजारी मंदिर में आरती करने पहुंचे तो देखा कि मंदिर का ताला टूटा था। हनुमान जी के माथे में लगा चांदी का मुकुट भी गायब था। इतना ही नहीं दान पेटिका का ताला तोड़कर चोरों ने उसमें पड़े रुपये भी उठा ले गए।
पुजारी ने गांव के लोगों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी चौकी प्रभारी चंद्रप्रकाश तिवारी मौके का निरीक्षण करने पहुंचे। बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। चोरी का शीघ्र खुलासा कर दिया जाएगा। (संवाद)